नारी शक्ति वंदन अधिनियम से बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी : समीर उरांव
लातेहार, 21 अप्रैल (हि.स.)।लातेहार में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर मंगलवार को भाजपा की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से उपस्थित अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। जिससे महिलाओं की भागीदारी राजनीति के क्षेत्र में बढ़ेगी।
इस अधिनियम के तहत महिलाओं को संसद और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, जिससे उनकी राजनीतिक भागीदारी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी दिलाने के साथ सामाजिक न्याय और समानता को भी सुदृढ़ करेगी।
उन्होंने कहा कि यह अधिनियम देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगा। समीर उरांव ने कहा कि विपक्ष की ओर से जिस प्रकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किया गया यह साबित करता है कि विपक्षी दल महिला विरोधी है। आने वाले समय में देश की महिलाएं ऐसे विपक्ष को सबक भी सिखाएंगी।
मौके पर पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष बंसी यादव सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया और नारी शक्ति वंदन अधिनियम की खूबियों की जानकारी दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

