झामुमो और कांग्रेस ने आदिवासियों को बरगलाकर बनाया सरकार : गजेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
झामुमो और कांग्रेस ने आदिवासियों को बरगलाकर बनाया सरकार : गजेंद्र सिंह


रांची, 06 सितंबर (हि.स.)। झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस ने भोले-भाले आदिवासियों को बरगलाकर सरकार बनाया। लेकिन अब आदिवासी समाज जाग चुका है।

पटेल मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने झारखंड सरकार के कामकाज एवं नीतियों पर गंभीर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, छात्रों से जुड़े मुद्दे, राज्य में घुसपैठ को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

पटेल ने अपने दो दिवसीय दौरा का अनुभव को साझा करते हुए कहा कि दो दिवसीय प्रवास में जो जानकारी मिली, कई जिलों में लोगों से मिला इससे समझ में आ गया कि राज्य की स्थिति बहुत ही विकट है।

पटेल ने कहा कि 2019 से झामुमो-कांग्रेस-राजद की सरकार झारखंड में सत्ता में है, लेकिन विकास के नाम पर यहां की जनता को केवल निराशा मिली। इन दलों के घोषणा पत्रों के सारे वादे झूठे साबित हुए। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाएं भी लोगों को उपलब्ध कराने में सरकार विफल रही है। इस राज्य के गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े, महिला, किसान और युवा सभी वर्ग परेशान हैं।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि अब आदिवासी समाज सबकुछ समझ चुका है। लेकिन इस बार इन दलों के बहकावे में यह समाज आने वाला नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। बालू, कोयला, पत्थर, खनिज संपदाओं की लूट खसोट के साथ डीएमएफटी फंड की लूट जारी है। पटेल ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की खुलेआम लूट हो रही है। इस कारण सरकार और सरकार के मुखिया कठघरे में हैं। भाजपा ने सरकार की इस लूट खसोट का सड़क से सदन तक पुरजोर विरोध किया है। वर्तमान सरकार ने जनहित का कोई काम नहीं किया है।

प्रदेश प्रभारी ने छात्रों की ओर से किए गए हालिया बड़े आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य सरकार को छात्रों एवं युवाओं के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। नौकरी भर्ती में खुलेआम पैसों का लेन देन हुआ। जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही, पीजीटी सहित कई परीक्षाएं विवादों में रहीं। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी ने लाखों युवाओं के भविष्य को रौंदने का काम किया है। युवाओं ने सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया तो उनके साथ अत्याचार किया गया। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा और छात्र सरकार की कार्यशैली से काफी नाराज हैं।

उन्होंने झारखंड में लंबे समय से जारी घुसपैठ के मामलों पर हेमंत सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार इसको रोकने की बजाय इसको बढ़ावा देने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर बार-बार सरकार को सचेत और अवगत कराया गया लेकिन सरकार हमेशा इसे अनसुनी करती रही। सरकारी तंत्र कार्रवाई की बजाय घुसपैठियों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष मदद पहुंचाने में लगी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वास्तविक मतदाताओं को जोड़ने और जुटे हुए अवांछित मतदाताओं को सूची से हटा कर लोकतांत्रिक प्रकिया को मजबूत करने की दिशा में कारगर कदम उठाया लेकिन एसआईआर जैसी पारदर्शी प्रक्रिया का भी यह सरकार विरोध कर रही है। इस सरकार के जरिये भ्रम फैला कर, आदिवासी समाज को गुमराह करके विद्रोह करवाया जा रहा है जो यह अनुचित है। सरकार अपनी मंशा में सफल नहीं होगी।

उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। महिला सुरक्षा पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में भय का माहौल है। अपराधी बेख़ौफ़ हैं। हत्या, लूट, अपहरण, गोलीबारी खुलेआम हो रही है। सरकार ने राज्य की कानून व्यवस्था को तहस नहस करके छोड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि पूरे देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 70 प्रतिशत से अधिक भाग पर भाजपा सरकार में है। जहां भाजपा शासित राज्य है, वहां विकास और सुशासन का काम काफी बेहतर ढंग से हो रहा है।

प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story