कांग्रेस के डीएनए में ही महिलाओं का अपमान: राफिया
रांची,26 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज़ ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा है।
उन्होंने रविवार को प्रेस वार्ता में 16 अप्रैल को सदन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को गिराए जाने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि उस दिन जो तालियां बजाई गईं, वह केवल मेजों पर नहीं, बल्कि देश की हर बेटी के सम्मान पर तमाचा थीं। उन्होंने कहा कि यह घटना कांग्रेस की महिलाओं के प्रति वास्तविक सोच को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि एक ओर नरेंद्र मोदी देश की बेटियों को सशक्त बनाने, उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने और राजनीति में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और उसके सहयोगी दल महिलाओं की प्रगति से असहज हैं।
राफिया नाज़ ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति परिवारवाद तक सीमित है, जहां केवल कुछ परिवारों की महिलाएं ही आगे बढ़ पाती हैं, जबकि आम घरों की बेटियों को अवसर से वंचित रखा जाता है।
राफिया नाज़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के डीएनए में ही महिलाओं का अपमान शामिल है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर कांग्रेस नेताओं के बयान और उनके आचरण इस बात को प्रमाणित करते हैं।
राफिया नाज़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा महिलाओं के हक, सम्मान और अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर परिस्थिति में महिलाओं की आवाज को बुलंद किया है और आगे भी करती रहेगी।
अंत में उन्होंने कांग्रेस की महिलाओं से आह्वान किया कि वे आगे आएं और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड की जागरूक महिलाएं अब इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगी और आने वाले समय में वे कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकने का काम करेंगी।
राफिया नाज़ ने दृढ़ता से कहा कि अब समय आ गया है जब झारखंड की महिलाएं खुद आगे बढ़कर अन्याय और महिला विरोधी सोच के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेंगी और कांग्रेस के राजनीतिक अस्तित्व को समाप्त करने का काम करेंगी और महिलाएं कांग्रेस का अंतिम संस्कार करेगी।
प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अशोक बड़ाईक और महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री सीमा सिंह उपस्थित थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

