मोदी सरकार के 12 साल : देश की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला रहा: आदित्य प्रसाद साहू

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 साल : देश की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला रहा: आदित्य प्रसाद साहू


पूर्वी सिंहभूम, 11 जून (हि.स.)। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने नरेन्द्र मोदी के शासनकाल के 12 वर्षों को ऐतिहासिक बताते हुए इसे सत्ता के लिए नहीं बल्कि देश की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला कार्यकाल बताया।

उन्होंने कहा कि इस कालखंड में मोदी ने वह काम कर दिखाया जिसे कभी कांग्रेस ने करने की सोची ही नहीं। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के नारे को धरातल पर उतारा और बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों तक केंद्र सरकार की योजनाओं को पहुंचाया। आज नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।

साहू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफलतम 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे।

उन्होंने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासनकाल की उपलब्धियां गिनाई।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने शपथ ग्रहण करने के बाद जिस पहले फाइल पर हस्ताक्षर किया था, वह किसानों के हित से जुड़ा हुआ था। पहले किसान लोन के दबाव में खुदकुशी करते थे। उनकी इस समस्या का निराकरण करते हुए उन्होंने किसान सम्मान निधि योजना के तहत हर वर्ष 6000 रुपये की राशि लगभग 11 करोड़ किसानों को देने का काम किया।

इन 12 वर्षों में मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला। 81 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज उपलब्ध कराकर यह सुनिश्चित किया कि कोई भूख से मरे नहीं और ना ही कोई भूखे पेट सोए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराया। 11 करोड़ परिवार को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिया ताकि माताओं बहनों को आंखों की कोई बीमारी न हो। जन धन योजना के तहत 58 करोड़ खाते खुलवाए गए उनमें से 32 करोड़ खाते सिर्फ महिलाओं का खोला गया। महिलाओं का खुले में शौच करने की शर्मनाक स्थिति से बाहर निकालने के लिए 11 करोड़ शौचालय का निर्माण करवाया।

उन्होंने कहा कि आज देश से भ्रष्टाचार की राजनीति खत्म हो रही है। अब विकास के पथ पर देश सरपट दौड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने जल जीवन मिशन के तहत 15.6 करोड़ परिवारों को नलजल योजना से शुद्ध पीने का पानी पहुंचाया।

देश का कोई नागरिक इलाज के अभाव में न मरे इसके लिए उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत लगभग 7 करोड़ लोगों को 5 लाख तक की मुफ्त इलाज की व्यवस्था की।

उन्होंने बताया कि राज्य में 30 हज़ार 333 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया गया है। केंद्र सरकार की योजना के तहत झारखंड़ में 4 लेन और 6 लेन के एक्सप्रेस वे का कार्य चल रहा है। झारखंड़ में 5 मेडिकल कॉलेज, 3 केंद्रीय विद्यालय के निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी है। झारखंड़ में वर्षों से बन्द पड़े उद्योगों को 809 करोड़ रुपये की सहायता राशि से पुनर्जीवित किया गया है। सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित और संरक्षित रखने हेतु वैद्यनाथ धाम को विकास करने के लिए 39 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है।

प्रेसवार्ता में सांसद विद्युत वरण महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला प्रभारी बबन गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story