निष्पक्ष और भयमुक्त निकाय चुनाव सुनिश्चित कराना निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी: आदित्य

WhatsApp Channel Join Now
निष्पक्ष और भयमुक्त निकाय चुनाव सुनिश्चित कराना निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी: आदित्य


रांची, 21 फरवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने नगर निकाय चुनाव में जनता से भयमुक्त मतदान करने का आह्वान किया।

शनिवार को साहू भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व नगर निकाय चुनाव के प्रचार का आज अंतिम दिन है। न्यायालय के सख्त निर्देश और भाजपा के लगातार आंदोलन, धरना प्रदर्शन का परिणाम है कि हेमंत सरकार की चुनाव कराने की नीयत नहीं होने के बाद तीन वर्षों के विलंब के बाद राज्य के 48 नगर निकाय में आगामी 23 फरवरी को चुनाव होंगे।

उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा के बाद भी राज्य सरकार ने सत्ता और प्रशासन के दुरूपयोग की मंशा उजागर कर दी है। राज्य पुलिस की सुरक्षा में और बैलेट पेपर से चुनाव कराने के निर्णय से यह आशंका और मजबूत हो गई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव की घोषणा से पहले भी निकाय चुनाव को ईवीएम से कराने की मांग राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग से किया लेकिन राज्य सरकार अपनी हठधर्मिता पर अड़ी रही।

राज्य सरकार पुलिस प्रशासन को टूल किट के रूप में उपयोग करा रही। राज्य पुलिस की देख रेख में निष्पक्ष ,भ्रष्टाचार मुक्त संभव नहीं जान पड़ता। भाजपा ने राज्य के सभी बूथों पर लोकसभा और विधानसभा चुनाव के तर्ज पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की देख रेख में निकाय चुनाव कराने की मांग की लेकिन राज्य सरकार के इशारे पर निर्वाचन आयोग ने इस दिशा में पहल नहीं किया।

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी निकाय क्षेत्रों में संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथ है। भाजपा ने लिखित ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में भी मांग की है। लेकिन लगता है राज्य सरकार निकाय चुनाव में लोकतंत्र का गला घोंटने को तैयार हो गई है।

उन्होंने कहा कि बावजूद इसके पूरे प्रदेश में घूमने और जनसंपर्क से यह स्पष्ट हो गया है कि जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए संकल्पित है। राज्य सरकार की मंशा पर जनता पानी फेरने को तैयार है। जिस प्रकार से राज्य की जनता राज्य सरकार के कारनामों, अर्श से फर्श तक फैले आकंठ भ्रष्टाचार, अपराधियों के आतंक और भय, लूट ,अपहरण,बच्चा चोरी से परेशान है उसका खामियाजा हेमंत सरकार को भुगतना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि यह ठीक है कि निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा लेकिन सभी राजनीतिक दलों ने प्रत्याशियों को समर्थन दिया है। पूरे प्रदेश में राज्य सरकार के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है। जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। इसलिए सत्ता धारी गठबंधन के समर्थित उम्मीदवारों को जनता निकाय चुनाव में सबक सिखाने को तैयार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से आग्रह करती है कि आप निर्भीक होकर भारी संख्या में मतदान करें। यह चुनाव केवल शहर की सरकार ही तय नहीं करेगी बल्कि राज्य सरकार को कड़ी चेतावनी भी होगी। अहंकारी राज्य सरकार को सबक सिखाएगा।

उन्होंने राज्य सरकार के पुलिस प्रशासन से भी अनुरोध है कि आप अपने पद और वर्दी की मर्यादा नहीं तोड़ें।राज्य सरकार का टूल किट बनने से बचें। नहीं तो भाजपा सभी पर पैनी नजर रख रही है। लोकतंत्र को कलंकित करने और करवाने वाले को जनता कभी माफ नहीं करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story