रांची स्टेडियम में हुई भगदड़ मामले में जेएससीए अध्यक्ष पर हो एफआईआर: अजय

WhatsApp Channel Join Now
रांची स्टेडियम में हुई भगदड़ मामले में जेएससीए अध्यक्ष पर हो एफआईआर: अजय


रांची, 25 जून (हि.स.)। रांची स्टेडियम में हुई भगदड़ की घटना को लेकर भाजपा ने जेएससीए और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए जेएससीए प्रबंधन को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और उन्हें पद से हटाने की मांग की है।

साह ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता में बताया कि पिछले एक वर्ष में जेएससीए क्रिकेट से अधिक अपने विवादों के कारण चर्चा में रहा है। संगठन की कार्यप्रणाली और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी पूर्व में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कई गंभीर आरोप लगा चुके हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन शिकायतों पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि जब पहले से यह स्पष्ट था कि मैच देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचेंगे, तब जेएससीए ने अतिरिक्त पुलिस बल, एसडीआरएफ और अन्य आपदा प्रबंधन एजेंसियों की मदद पहले से क्यों नहीं मांगी? स्टेडियम परिसर में पर्याप्त मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था क्यों नहीं थी? हजारों लोगों को लंबे समय तक एक ही स्थान पर रोककर क्यों रखा गया? भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी किसके पास थी? क्या कोई प्रशिक्षित क्राउड मैनेजमेंट टीम बनाई भी गई थी या पूरी व्यवस्था हवा में थी?

अजय साह ने आरोप लगाया कि बिना किसी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और पर्याप्त तैयारी के भीड़ को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी कुछ बाउंसरों और सीमित पुलिस बल पर छोड़ दी गई। हालात बिगड़ने के बाद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय घायल और डरे हुए लोगों पर लाठीचार्ज किया गया, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

उन्होंने जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव पर निशाना साधते हुए कहा कि घटना के समय उनकी प्राथमिकता आम दर्शकों की सुरक्षा नहीं, बल्कि वीआईपी मेहमानों की आवभगत दिखाई दी। आज जेएससीए क्रिकेट के बेहतर संचालन से अधिक वीआईपी संस्कृति, महंगी पार्टियों और अव्यवस्थाओं के लिए चर्चा में रहता है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि घटना के 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जेएससीए के जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर किसके दबाव में कार्रवाई रोकी जा रही है? अजय नाथ शाहदेव को मीडिया और जनता के सामने आकर जवाब देना चाहिए, न कि जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करना चाहिए।

भाजपा ने जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव सहित इस पूरे आयोजन के लिए जिम्मेदार सभी पदाधिकारियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने, उन्हें उनके पदों से हटाने तथा निष्पक्ष जांच पूरी होने तक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

इसके साथ ही भाजपा ने भगदड़ में घायल सभी लोगों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने तथा उनके समुचित इलाज की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार और जेएससीए की ओर से उठाने की मांग की है।

अजय साह ने कहा कि जिस प्रकार बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम हादसे में न्यायिक जांच कराई गई थी, उसी तर्ज पर रांची स्टेडियम भगदड़ मामले में भी सीटिंग जज की अध्यक्षता में न्यायिक जांच कराई जाए ताकि दोषियों की जवाबदेही तय हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रेसवार्ता में मीडिया सह प्रभारी तारिक इमरान तथा सूरज शाहदेव मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story