कोयला वाहनों के खिलाफ 09 अगस्त से शुरू होगा हाईवा छोड़ो आंदोलन
चतरा, 18 जुलाई (हि.स.)। झामुमो के केंद्रीय सदस्य मनोज चंद्रा ने कहा है कि महात्मा गांधी के भारत छोड़ो आंदोलन की तर्ज पर चतरा में कोयला वाहनों के खिलाफ जनआंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने शनिवार को सिमरिया के डाक बंगला में प्रेस वार्ता आयोजित कर कहा कि 09 अगस्त से हाईवा छोड़ो आंदोलन शुरू की जाएगी।
मौके पर उन्होंने आरोप लगाया कि भारी कोयला वाहनों के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं लेकिन सरकार, प्रशासन और संबंधित कंपनियां अब तक अलग बाईपास सड़क नहीं बना सकी हैं। उन्होंने कहा कि यदि आगे कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और कोयला कंपनियों की होगी। उन्होंने लोगों से 09 अगस्त को बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि अलग सुरक्षित मार्ग बनने तक आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं मौके पर पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि कोयला वाहनों के कारण आम लोगों की जान खतरे में है। उन्होंने सरकार से शीघ्र स्थायी समाधान निकालने और जनता से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

