जीपी के पत्र पर राष्ट्रपति ने लिया संज्ञान, तमिलनाडु में झारखंड के मजदूरों को मिलेगी राहत

WhatsApp Channel Join Now
जीपी के पत्र पर राष्ट्रपति ने लिया संज्ञान, तमिलनाडु में झारखंड के मजदूरों को मिलेगी राहत


रामगढ़, 12 जुलाई (हि.स.)। जिले के गवर्नमेंट प्लीडर (जीपी) के पत्र पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संज्ञान लिया। उन्होंने तामिलनाडु में फंसे झारखंड के मजदूरों की सहायता करने का निर्देश दिया है। रविवार को जीपी संजीव कुमार अम्बष्ठ ने बताया कि तमिलनाडु में अमोनिया गैस रिसाव की घटना से प्रभावित झारखंड के मजदूरों की सुरक्षा और सहायता के लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक याचिका भेजी थी।

याचिका में बताया गया है कि तमिलनाडु में काम करने गए झारखंड के कई मजदूर अमोनिया गैस रिसाव से प्रभावित हुए हैं। कुछ मजदूरों की तबीयत खराब हो गई है और कई लोग अभी भी डर और परेशानी में हैं। उनके परिवार झारखंड में बहुत चिंतित हैं और सरकार से मदद की उम्मीद कर रहे हैं।

इस मामले में राष्ट्रपति सचिवालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति भवन से अवर सचिव लक्ष्मीमहाराभूषणम के माध्यम से रोजगार सचिव और श्रम सचिव को पत्र भेजकर मामले में तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों से की गई कार्रवाई की जानकारी देने के लिए भी कहा गया है।

याचिका में यह भी मांग की गई है कि सभी फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित और सम्मानपूर्वक उनके घर झारखंड वापस लाया जाए। प्रभावित मजदूरों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता, मुआवजा एवं पुनर्वास की व्यवस्था भी की जाए।

राष्ट्रपति सचिवालय ने इस याचिका को संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रेषित कर दिया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि इस मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी सीधे याचिकाकर्ता को उपलब्ध कराई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story