सीजेआई के देवघर आगमन को लेकर तैयारियां तेज, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सीजेआई के देवघर आगमन को लेकर तैयारियां तेज, अधिकारियों ने किया निरीक्षण


देवघर, 01 नवंबर (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के आगामी देवघर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन की अंतिम चरण की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय विधिक सेवा सह-सशक्तीकरण शिविर की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और कार्यक्रम स्थल पर चल रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम को गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।

वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत रूपरेखा से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थलों, पुलिस बलों की तैनाती और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी दी। शहर में आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए तैयार किए गए विशेष यातायात मार्ग चार्ट पर भी चर्चा की गई, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और मुख्य न्यायाधीश का काफिला सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से गुजर सके।

प्रशासन और पुलिस की ओर से कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण का उद्देश्य आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाना है।

इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात डीएसपी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत दो दिवसीय दौरे पर 2 नवंबर को झारखंड पहुंचेंगे। मुख्य न्यायाधीश बनने के बाद यह उनका पहला झारखंड दौरा है। इस दौरान वह देवघर और रांची में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770764 Articles

Share this story