रामगढ़ के 48 छठ घाटों पर तैयारियां पूरी, सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ के 48 छठ घाटों पर तैयारियां पूरी, सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम


रामगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)।

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रामगढ़ जिले में प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं और छठव्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद और छावनी परिषद क्षेत्र के कुल 48 छठ घाटों पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर सभी संबंधित विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के 38 और छावनी परिषद क्षेत्र के 10 छठ घाटों पर साफ-सफाई, घाटों की मरम्मत, अप्रोच रोड का निर्माण और मरम्मत एवं चेंजिंग रूम की व्यवस्था लगभग पूरी कर ली गई है। नगर परिषद की ओर से घाटों और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वहीं छावनी परिषद भी अपने क्षेत्र के घाटों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

उपायुक्त ऋतुराज ने स्वयं विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया है। साथ ही अधिकारियों, पूजा समितियों और संबंधित हितधारकों के साथ बैठक कर समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया है।

इस बार प्रशासन ने घाटों को टैगिंग के माध्यम से औद्योगिक प्रतिष्ठानों को भी तैयारियों से जोड़ा है। मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात, आलोक स्टील इंडस्ट्रीज, बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड, सीसीएल अरगड्डा और दयाल स्टील्स सहित अन्य प्रतिष्ठान घाटों की सफाई, सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास में सहयोग कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग, संवेदनशील जलाशयों में गोताखोरों की उपलब्धता और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी। इसके माध्यम से लोगों को गहरे पानी में जाने से बचने और सुरक्षित सीमा में रहकर पूजा करने की अपील की जाएगी।

जिला प्रशासन ने छठव्रतियों और श्रद्धालुओं से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने, पूजा सामग्री निर्धारित स्थानों पर डालने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का लक्ष्य सामूहिक सहयोग से छठ महापर्व को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776693 Articles

Share this story