मोरहाबादी के हटाए गए वेंडरों को निगम टैगोर हिल के पास करेगा पुनर्वासित

WhatsApp Channel Join Now
मोरहाबादी के हटाए गए वेंडरों को निगम टैगोर हिल के पास करेगा पुनर्वासित


रांची, 15 जुलाई (हि.स.)।

रांची नगर निगम मोराबादी मैदान से हटाए गए वेंडरों के पुनर्वास कराने की तैयारी कर रहा है। इसे लेकर बुधवार को निगम के पदाधिकारियों ने टैगोर हिल के समीप 45 डिसमिल गैरमजरूआ भूमि का निरीक्षण किया गया।

महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से प्रस्तावित वेंडिंग स्थल का जायजा लिया। नगर निगम इस स्थल को वेंडरों के पुनर्वास और उनकी आजीविका की सुरक्षा के उद्देश्य से विकसित करने की तैयारी कर रहा है। निरीक्षण के दौरान महापौर और उपमहापौर ने वेंडरों से बात कर उनकी समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान कई वेंडरों ने प्रस्तावित स्थल पर दुकान लगाने की सहमति जताई और नगर निगम की पहल का स्वागत करते हुए इसे आजीविका की सुरक्षा की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

इस अवसर पर रांची नगर निगम की महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी भी वेंडर की आजीविका प्रभावित करना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानजनक, सुरक्षित और व्यवस्थित व्यवसायिक स्थल उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि विकास और आजीविका दोनों साथ-साथ चलें, यही नगर निगम की प्राथमिकता है। उपमहापौर नीरज कुमार ने कहा कि नगर निगम वेंडरों के हितों की रक्षा करते हुए शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित वेंडिंग स्थल पर जल्द ही आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि वेंडर बिना किसी परेशानी के अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के सहायक प्रशासक, नगर अभियान प्रबंधक, प्रवर्तन पदाधिकारी सहिेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story