झारखंड में वित्तीय कुप्रबंधन के कारण विकास कार्य ठप, ठेकेदारों के हजारों करोड़ रुपये बकाया : प्रतुल शाहदेव

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में वित्तीय कुप्रबंधन के कारण विकास कार्य ठप, ठेकेदारों के हजारों करोड़ रुपये बकाया : प्रतुल शाहदेव


-भाजपा प्रवक्ता ने लंबित भुगतान और बढ़ते राजकोषीय घाटे पर उठाए सवाल-वित्तीय स्थिति पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग

रांची, 09 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राज्य सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर बजट की बड़ी राशि खर्च नहीं हो पा रही है, वहीं दूसरी ओर ठेकेदारों के हजारों करोड़ रुपये के भुगतान लंबित हैं। इसके कारण सड़क, पुल, भवन समेत विभिन्न विकास योजनाओं का काम प्रभावित हो रहा है।

प्रतुल शाहदेव ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया कि बजट में प्रावधान होने के बावजूद करीब 31,416 करोड़ रुपये खर्च नहीं किए जा सके। वहीं, राज्य का राजकोषीय घाटा बढ़कर 14,527 करोड़ रुपये और कुल देनदारियां 1.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई हैं।

उन्होंने कहा कि भुगतान में देरी के कारण छोटे ठेकेदारों की पूंजी फंस गई है। इससे उन्हें मजदूरों और सप्लायरों का बकाया चुकाने में भी परेशानी हो रही है। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने कैग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए 52,855 उपयोगिता प्रमाणपत्र लंबित होने और उनसे जुड़ी 1,60,565 करोड़ रुपये की राशि का हिसाब उपलब्ध नहीं होने पर भी सवाल उठाए।

प्रतुल शाहदेव ने राज्य सरकार से वित्तीय स्थिति पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को राज्य की आय, व्यय, लंबित भुगतान और देनदारियों की स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774615 Articles

Share this story