वर्ष 2050 के विकसित झारखंड का सपना दिखाने से पहले हेमंत सोरेन 2026 का हिसाब दें : प्रतुल शाहदेव

WhatsApp Channel Join Now
वर्ष 2050 के विकसित झारखंड का सपना दिखाने से पहले हेमंत सोरेन 2026 का हिसाब दें : प्रतुल शाहदेव


वर्ष 2050 के विकसित झारखंड का सपना दिखाने से पहले हेमंत सोरेन 2026 का हिसाब दें : प्रतुल शाहदेव


रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के वर्ष 2050 तक झारखंड को देश का नंबर वन राज्य बनाने के संकल्प पर पलटवार किया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री को पहले वर्ष 2026 के झारखंड की वास्तविक स्थिति का हिसाब देना चाहिए, उसके बाद 2050 के सपने दिखाने चाहिए।

प्रतुल शाहदेव ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, वह महज राजनीतिक घोषणा नहीं, बल्कि एक व्यापक राष्ट्रीय अभियान है। इसके लिए प्रधानमंत्री ने युवाओं, शिक्षाविदों, उद्योग जगत, विशेषज्ञों और विभिन्न राज्यों की भागीदारी सुनिश्चित की है। विकसित भारत-2047 अभियान के माध्यम से देश के सामने स्पष्ट दृष्टि रखी गई है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे, तकनीक, उद्योग और आर्थिक आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में व्यापक कार्ययोजना पर काम शुरू किया गया है।

प्रतुल ने कहा कि इसके विपरीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वर्ष 2050 तक झारखंड को देश का नंबर वन राज्य बनाने की बात तो कर रहे हैं, लेकिन जनता जानना चाहती है कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार का रोडमैप क्या है। अगले पांच वर्षों में कितने युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और राज्य के रिक्त सरकारी पद कब तक भरे जाएंगे। शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार की समयबद्ध योजना क्या है? औद्योगिक निवेश को धरातल पर उतारने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कौन से ठोस कदम उठाए जाएंगे?

उन्होंने कहा कि झारखंड में आज युवा रोजगार के संकट से जूझ रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाएं विवादों में घिरी हैं और शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने कई चुनौतियां हैं। भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के मुद्दों पर भी सरकार लगातार घिर रही है। ऐसे में वर्ष 2050 के विकसित झारखंड की कल्पना पेश करना जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसा है।

प्रतुल ने कहा कि झारखंड संभावनाओं से भरपूर राज्य है। यहां अपार खनिज संपदा, प्राकृतिक संसाधन, मेहनती युवा और औद्योगिक विकास की असीम संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को हकीकत में बदलने के लिए दूरदर्शी नेतृत्व, स्पष्ट नीति, ईमानदार नीयत और प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story