प्रणामी मंदिर में महानवमी-विजयादशमी की धूम, श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण

WhatsApp Channel Join Now
प्रणामी मंदिर में महानवमी-विजयादशमी की धूम, श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण


रांची, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर में महानवमी एवं विजयादशमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। परमहंस डॉ सदानंद महाराज के सानिध्य में प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से विशेष पूजा-अर्चना, नौ कन्याओं का पूजन, पारंपरिक शस्त्र आराधना, भजन-कीर्तन और अन्नपूर्णा सेवा आयोजित की गई।

दोनों दिनों में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सब्जियों से युक्त खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। प्रणामी मंदिर की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि महानवमी पर मंदिर और श्री राधा रानी का अलौकिक श्रृंगार किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान को भोग अर्पित किया। धार्मिक परंपरा के अनुसार नौ कुंवारी कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया और उपहार दिया गया।

विजयादशमी पर पारंपरिक शस्त्र पूजन के साथ भजन-कीर्तन हुआ। काठमांडू, नेपाल से आए श्रद्धालु भगवान श्रीराम और हनुमान जी के भजनों पर शस्त्रों के साथ उत्साहपूर्वक झूम उठे। ट्रस्ट ने अतिथियों और श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।

ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सेवा, समर्पण, परोपकार और सनातन संस्कृति की परंपराओं को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, अरविंद अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, पवन पोद्दार और सुनीता अग्रवाल सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764645 Articles

Share this story