नशेड़ियों, अड्डेबाजों और जुआरियों के नए ठिकानों को ढूंढेंगे प्रहरी, एसपी ने जारी किया नंबर

WhatsApp Channel Join Now
नशेड़ियों, अड्डेबाजों और जुआरियों के नए ठिकानों को ढूंढेंगे प्रहरी, एसपी ने जारी किया नंबर


नशेड़ियों, अड्डेबाजों और जुआरियों के नए ठिकानों को ढूंढेंगे प्रहरी, एसपी ने जारी किया नंबर


रामगढ़, 03 जुलाई (हि.स.)। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने आम नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए ''प्रहरी'' अभियान शुरू किया था। इस अभियान के 02 महीने बाद इसके व्यापक और बेहतर परिणाम सामने आए हैं। नशेड़ी और जुआरी अपने अड्डे छोड़कर दूसरे ठिकानों तक पहुंच चुके हैं। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने अब उन्हें नए ठिकानों को चिन्हित करने की जिम्मेदारी पुलिस को दी है।

एसपी पैदल गस्ती, अड्डेबाजी के विरुद्ध अभियान और एंटी क्राइम चेकिंग से संबंधित सुझाव देने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9262998529 जारी किया है। उन्होंने आम नागरिकों से इस नंबर पर मैसेज कर सुझाव मांगे हैं, ताकि पुलिस जनता के और करीब आ सके।

शुक्रवार को एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि विशेष पहल प्रहरी के दौरान पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण और उद्भेदन तो कर ही रही थी। इसके अलावा अड्डेबाजी, छेड़खानी, सड़क पर अवैध रूप से पार्किंग, यातायात व्यवस्था सुगम बनाने का भी ध्यान रख रही थी। क्षेत्र में भौतिक रूप से पुलिस पदाधिकारी की मौजूदगी से नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना बढ़ी है। एसपी रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर, चट्टी बाजार पहुंचे। वहां से उन्होंने रजरप्पा मोड तक खुद पैदल गश्त की। इस दौरान उनके साथ रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार भी मौजूद थे।

एसपी ने बताया कि 14 मई को रामगढ़ जिले में विशेष पहल के तहत प्रहरी की शुरुआत की गई थी। इस दौरान पैदल गश्ती के लिए 76 स्थल, अड्डेबाजी के विरुद्ध अभियान चलाने के लिए 114 स्थल, एंटी क्राइम चेकिंग के लिए 69 स्थान चिन्हित किए गए थे। कुल 259 स्थलों को चिन्हित कर वहां लगातार समय बदल बदल कर पुलिस पहुंची। अब उन स्थलों पर लोगों का जमावड़ा नहीं लग रहा है। इस अभियान को रामगढ़ जिले में जारी रखा जाएगा और पुलिस नए ठिकाने तलाशेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story