प्रकाश पर्व को लेकर निकली प्रभात फेरी

WhatsApp Channel Join Now
प्रकाश पर्व को लेकर निकली प्रभात फेरी


प्रकाश पर्व को लेकर निकली प्रभात फेरी


रामगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। सिख धर्म के प्रवर्तक एवं सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव को लेकर रामगढ़ में प्रभात फेरियों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में आठवें दिन गुरुवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी सुभाष चौक, मेन रोड होते हुए पंजाबी मुहल्ला पहुंची और वहां से नवतेज सिंह छाबड़ा के आवास तक गई। यहां पहुंचने पर नवतेज सिंह छाबड़ा और उनके परिवार की ओर से साध संगत का फूलों से भव्य स्वागत किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई थी।

प्रभात फेरी में निशान साहिब लेकर सरदार गुरजोत सिंह सैनी अगुवाई कर रहे थे। वहीं, स्त्री, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरबाणी और शबद कीर्तन करते हुए चल रहे थे। इस दौरान 'सबना दा मां पिओ आप है' सहित गुरु महिमा से जुड़े शबदों के गायन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु गुरु नानक देव जी की भक्ति में लीन नजर आए।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सरदार दलजीत सिंह किंगरा ने नवतेज सिंह छाबड़ा को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मीडिया प्रभारी करमजीत सिंह जग्गी ने बताया कि शनिवार को प्रभात फेरी स्वर्गीय सरदार इंद्रजीत सिंह कोहली के रामगढ़ मोटर स्थित आवास पहुंचेगी।

प्रभात फेरी में गुरुद्वारा साहिब के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, मीत प्रधान अमरजीत सिंह सैनी, सचिव हरदीप सिंह होरा, खजांची रघुवीर सिंह छाबड़ा, हेड ग्रंथी गुरविंदर सिंह सहित कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story