गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकली भव्य प्रभात फेरी

WhatsApp Channel Join Now
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकली भव्य प्रभात फेरी


-लोहार टोला और मेन रोड होते हुए गोविंद क्रॉकरी पहुंची संगत, फूलों की वर्षा कर हुआ स्वागत

रामगढ़, 17 नवंबर (हि.स.)। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर रामगढ़ में प्रभात फेरियों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। फेरी लोहार टोला और मेन रोड होते हुए गोविंद क्रॉकरी पहुंची। यहां पहुंचने पर साध-संगत का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया।

प्रभात फेरी की अगुवाई सरदार गुरजोत सिंह सैनी ने निशान साहिब लेकर की। इसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ शामिल हुए। संगत ने ‘तेरी सेवा तेरी सेवा, तेरी सेवा…’ सहित विभिन्न गुरुवाणी और शबद कीर्तन का गायन किया। भोर की बेला में गुरुवाणी की मधुर स्वर लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु गुरु नानक देव जी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सरदारनी रविंद्रजीत कौर पवार ने सरदारनी जसपाल कौर कालरा को सरोपा भेंटकर सम्मानित किया। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकाली जा रही प्रभात फेरियों में संगत की बढ़ती भागीदारी से पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मीडिया प्रभारी करमजीत सिंह जग्गी ने बताया कि अगली प्रभात फेरी सरदार नवतेज सिंह छाबड़ा (गुरु नानक मोहल्ला) के आवास पर जाएगी।

प्रभात फेरी में गुरुद्वारा साहिब के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, मीत प्रधान अमरजीत सिंह सैनी, हैप्पी छाबड़ा, सचिव हरदीप सिंह होरा, कुलवंत सिंह मारवाह, खजांची रघुवीर सिंह छाबड़ा, हेड ग्रंथी सरदार गुरविंदर सिंह, तेजेंद्र सिंह सोनी, जगजीत सिंह सोनी, गुरप्रीत सिंह और पलविंदर सिंह बल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story