पैथोलॉजी लैब वाले सदर अस्पतालाें से हटेंगे पीपीपी मोड वाले पैथलैब

WhatsApp Channel Join Now
पैथोलॉजी लैब वाले सदर अस्पतालाें से हटेंगे पीपीपी मोड वाले पैथलैब


रांची, 30 जुलाई (हि.स.)। झारखंड मेडिकल एंड हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड प्रोक्योरमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेएमएचआईडीपीसीएल) के निदेशक मंडल की 19वीं बैठक गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में नेपाल हाउस में हुई।

बैठक में कुल 32 एजेंडों पर विचार-विमर्श कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

इस अवसर पर बोर्ड ने तय किया कि जिन जिलों के सदर अस्पतालों में जांच की पर्याप्त सरकारी सुविधा उपलब्ध हो चुकी है, वहां पीपीपी मोड पर कार्यरत पैथोलॉजी एजेंसियों की सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जाएगा।

बैठक में सहिया कार्यकर्ताओं के लिए टैब और स्वास्थ्य विभाग के लिए लैपटॉप खरीदने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में प्रस्ताव को कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा सहिया कार्यकर्ताओं को स्कूटी और वर्दी (बंडी) उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि स्कूटी सहित अन्य सामग्रियों की खरीद निर्धारित मानकों और नियमों के अनुरूप ही की जाए। उन्होंने जिन जिलों में कंप्यूटर की आवश्यकता है वहां खरीद सुनिश्चित करने और उनके समयबद्ध संस्थापन और उपयोग के निर्देश भी दिए।

बैठक में बोर्ड के पुनर्गठन को लेकर 20 नए पद सृजित करने की अनुशंसा की गई। साथ ही आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों की सेवाओं की समीक्षा कर जरूरत नहीं होने पर संबंधित कर्मियों को एजेंसी को वापस करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में एनएचएम के एमडी शशि प्रकाश झा, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ सिद्धार्थ सान्याल, उप सचिव ध्रुव प्रसाद, संयुक्त निदेशक रीतु सहाय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story