स्थापना दिवस टालना बिरसा उलगुलान की उपेक्षा है : भुवनेश्वर केवट

WhatsApp Channel Join Now

बोकारो, 16 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस के कार्यक्रम को टालने की घोषणा झारखंडी अस्मिता और भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान की उपेक्षा है। 15 नवंबर झारखंड के गौरवपूर्ण इतिहास का प्रतीक है। इसी दिन बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर अलग झारखंड राज्य की स्थापना हुई थी।

यह बातें भाकपा माले राज्य स्थायी कमेटी के सदस्य भुवनेश्वर केवट ने सोमवार को बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर बेरमो के करगली गेट में आयोजित कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद बने झारखंड की पहचान और विरासत को अनदेखा करना चिंताजनक है। केंद्र सरकार भी झारखंड की लगातार उपेक्षा कर रही है। राज्य की बकाया राशि, वृद्धा-विधवा पेंशन और मानदेय आधारित कर्मियों के राज्यांश का भुगतान लंबित रखना इसका प्रमाण है।

उन्होंने खान एवं खनिज संशोधन कानून के जरिए राज्य के अधिकारों पर हो रहे हमलों का आरोप लगाते हुए जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा की रक्षा के लिए एक बार फिर बिरसा के उलगुलान की जरूरत बताई। प्रखंड सचिव पंचानन मंडल ने कहा कि धार्मिक कारणों से स्थापना दिवस कार्यक्रम टालना संवैधानिक सिद्धांतों के खिलाफ है।

आदिवासी संघर्ष मोर्चा के अशोक मोहली ने जनजातीय गौरव दिवस के नाम पर आदिवासियों को उनके अधिकारों से भटकाने का आरोप लगाया। कार्यक्रम में राज केवट, बैजनाथ सिंह, चुनीलाल केवट, खूबलाल नायक, लखन नायक सहित कई लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778283 Articles

Share this story