घर-घर पहुंच रहीं डाक विभाग की योजनाएं

WhatsApp Channel Join Now
घर-घर पहुंच रहीं डाक विभाग की योजनाएं


रामगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। डाक विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हजारीबाग डाक प्रमंडल के निर्देश पर जिले भर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बुधवार को डाक कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को विभिन्न बचत, बीमा और निवेश योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। इस दौरान खाता खोलने का कार्य भी किया जा रहा है।

यह अभियान डाक अधीक्षक निरंजन कुमार, सहायक डाक अधीक्षक ब्रजेश कुमार पासवान, डाक निरीक्षक आशीष कुमार पांडेय के दिशा-निर्देश पर संचालित किया जा रहा है।

अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि डाक विभाग की योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग इसका लाभ उठा सकें।

अभियान के तहत रामगढ़ सब डिवीजन के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने अपने सहकर्मी शुभम सौरव के साथ रामगढ़ थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डाक विभाग की ओर से गंगाजल और विभाग का वार्षिक कैलेंडर भेंट किया और विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।

थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडे ने कहा कि आज के समय में सुरक्षित जीवन के लिए बीमा बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी और भरोसेमंद बीमा योजनाओं में डाक विभाग की बीमा योजनाएं प्रमुख हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले लोगों को जानकारी के लिए डाकघर जाना पड़ता था, लेकिन अब डाक कर्मचारी स्वयं घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं, जो सराहनीय कार्य है। उन्होंने डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा की।

वहीं मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने बताया कि अभियान के दौरान कई लोगों के डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, बचत खाता, सुकन्या समृद्धि खाता, भविष्य निधि खाता, आवर्ती जमा खाता खोले गए हैं। उन्होंने बताया कि रामगढ़ प्रधान डाकघर में बच्चों का आधार कार्ड बनाया जा रहा है तथा आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध है।

डाक विभाग के कर्मचारियों ने कहा कि जिले के लोगों को सभी सेवाएं पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जा रही हैं और विभाग का उद्देश्य है कि हर परिवार तक बचत और बीमा योजनाओं का लाभ पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story