इंडिया पोस्ट ने रांची से देवघर खेप पहुंचाई सात घंटे 20 मिनट में

WhatsApp Channel Join Now
इंडिया पोस्ट ने रांची से देवघर खेप पहुंचाई सात घंटे 20 मिनट में


रांची, 07 अक्टूबर (हि.स.)। इंडिया पोस्ट की लॉजिस्टिक्स पोस्ट सेवा के माध्यम से रांची से देवघर भेजी गयी पूर्ण ट्रक खेप महज सात घंटे 20 मिनट में पहुंचायी गयी। वहीं, रांची से डालटेनगंज भेजी गयी एक अन्य खेप की डिलीवरी केवल चार घंटे 27 मिनट में पूरी की गयी। विभाग ने इसे अपनी तेज और भरोसेमंद माल परिवहन सेवा की उपलब्धि बताया है।

रेलवे मेल सेवा, आरएन मंडल, रांची के अधीक्षक प्रेमजीत कुमार ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि रांची से देवघर तक पूर्ण ट्रक खेप को सात घंटे 20 मिनट में और रांची से डालटेनगंज तक खेप को चार घंटे 27 मिनट में पहुंचाना टीम की तत्परता और इंडिया पोस्ट के मजबूत नेटवर्क को दर्शाता है।

लॉजिस्टिक्स पोस्ट व्यवसायों और संस्थानों के लिए तेज और भरोसेमंद माल परिवहन का प्रभावी विकल्प है। उन्होंने व्यापारियों और संस्थानों से इस सेवा का लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि इंडिया पोस्ट के लॉजिस्टिक्स पोस्ट के जरिए ग्राहकों को अपनी परिवहन जरूरत के अनुरूप माल भेजने की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है, जिससे व्यवसायिक गतिविधियों के लिए समयबद्ध डिलीवरी को बढ़ावा मिल रहा है।

लॉजिस्टिक्स पोस्ट के तहत व्यापारी, व्यवसायी और संस्थान अपनी जरूरत के अनुसार पूर्ण ट्रक लोड (एफटीएल) के साथ-साथ आंशिक खेप भी भेज सकते हैं। इस सेवा के माध्यम से माल को निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए इंडिया पोस्ट के नेटवर्क और परिवहन व्यवस्था का इस्तेमाल किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story