लोगों की सुरक्षा के लिए सख्त होगी पुलिसिंग व्यवस्था : एसडीपीओ

WhatsApp Channel Join Now
लोगों की सुरक्षा के लिए सख्त होगी पुलिसिंग व्यवस्था : एसडीपीओ


देवघर, 22 मई (हि.स.)। बाबा नगरी के नए एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर लिया।

पदभार ग्रहण करने बाद में उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि आगामी एक-दो माह बाद विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला शुरू होने वाला है। ऐसे में प्रशासनिक दृष्टिकोण से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार कार्य करेगा। साथ ही महिला सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जाएगा और आम लोगों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से लगातार संदेश दिया जाएगा।

एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि अवैध रूप से नशीले पदार्थों के कारोबार या किसी भी तरह के अवैध लेन-देन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही नव नियुक्त एसडीपीओ लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं और आवश्यक सुधार की दिशा में पहल भी शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि बाबा नगरी में आयोजित होने वाला श्रावणी मेला हर नए अधिकारी के लिए एक बड़ी प्रशासनिक परीक्षा मानी जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story