जन समस्या दूर करने के लिए प्रहरी के रुप में काम करेगी पुलिस: एसपी
रामगढ़, 14 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले की जन समस्या दूर करने के लिए पुलिस प्रहरी की तरह पैदल मार्च करेगी।
यह बातें गुरुवार को एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने पैदल मार्च के दौरान कही। उन्होंने कहा कि शिक्षन संस्थान, हॉस्पिटल और अन्य सार्वजनिक स्थानों के पास होने वाली समस्या को तत्काल दूर किया जाएगा।
एसपी की इस पहल से रामगढ़ जिले की जनता में पुलिस को लेकर नया भरोसा कायम हुआ है।
जिले में अपराध नियंत्रण एवं उद्भेदन, अड्डेबाजी, छेड़खानी, सड़क पर अवैध रूप से पार्किंग को रोकने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, थाना क्षेत्र में भौतिक रूप से पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों की दृष्यता बढ़ाने के लिए प्रहरी की शुरूआत की गई है।
प्रहरी की पहल के 03 भाग होंगे। पैदल गश्ती, अड्डेबाजी के विरूद्ध अभियान और एंटी क्राईम चेकिंग। जिलान्तर्गत आमजनों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने, पुलिस की दृश्यता को बढ़ाने, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने, रोकथाम, अड्डेबाजी, सड़क पर अवैध रूप से पार्किंग को रोकने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए उक्त बिन्दुओं पर संवेदशील मार्ग पर पैदल गश्ती की जाएगी।
गश्ती के मार्ग का चयन अपराध की प्रवृति, छेडखानी, अड्डेबाजी, ट्रैफिक की समस्या, अतिक्रमण की आदि की की समस्या, बाजार या भीड़-भाड़ वाले स्थान, स्कूल, कॉलेज के आस-पास अवैध पार्किंग एवं आम जनता से प्राप्त सुझाव के आधार पर किया गया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के स्तर से माह में एक बार प्रतिदिन का रूट चार्ट निर्गत किया जायेगा।
इस पहल में नगर परिषद, छावनी परिषद या अन्य किसी संबंधित विभाग के पदाधिकारी की भी आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभाग के पदाधिकारी से सम्पर्क कर उनका सहयोग प्राप्त किया जायेगा।
इस पहल के अन्तर्गत अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, पतरातु, पुलिस निरीक्षक, गोला, माण्डू एवं पतरातु अपने-अपने क्षेत्राधिकार में एक थाना की पैदल गश्ती का नेतृत्व कर इसे प्रभावी बनायेंगे।
रामगढ़ जिला अन्तर्गत मादक व नशीले पदार्थों के सेवन व खरीद फरोख्त को रोकने तथा अपराध नियंत्रण व रोकथाम के लिए जिला पुलिस की ओर से अड्डेबाजी के कुल 114 स्थलों को चिन्हित किए गए हैं।
अड्डेबाजी के इन स्थलों को 05 अलग-अलग कलस्टरों में बाँटा गया है। प्रत्येक कलस्टर के चिन्हित स्थलों पर छापामारी के लिए थाना, ओपी में छापेमारी दल का गठन किया गया है। उनसे गश्ती, पीसीआर, पैंथर मोबाईल सहित अन्य रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

