पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक जवान की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक जवान की मौत


धनबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम मंगलवार सुबह धनबाद के मैथन क्षेत्र में एक आरोपित की तलाश में छापेमारी करने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान आरोपित हाथ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस टीम सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक हाईवा से पुलिस वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक पुलिस जवान की मौत हो गई, जबकि तीन जवान घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतक जवान की पहचान रामलखन यादव (50) के रूप में हुई है। घायलों में नरेश यादव (37), ग्रीन पासवान (37) और सरकारी वाहन के चालक गौरव कुमार (35) शामिल हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि बरही अनुमंडल क्षेत्र में 24 जून को हुई मारपीट की घटना के एक मामले में सूचना के आधार पर चलकुशा थाना की पुलिस टीम मैथन में छापेमारी करने गई थी। छापेमारी के बाद लौटने के दौरान बरवाअड्डा थाना से लगभग 500 मीटर पहले सड़क किनारे खड़े हाईवा ट्रेलर से सरकारी वाहन टकरा गया। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में एक जवान की मौत हो गई, जबकि एक घायल की स्थिति गंभीर है, एक जवान की हालत सामान्य है और एक घायल का ऑपरेशन चल रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

घायल जवान के भतीजे आदर्श पासवान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे हैं। चिकित्सकों की टीम घायलों का इलाज कर रही है और परिवार के लोग उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा

Share this story