बाइक चोर गिरोह का खुलासा, चोरी की 18 बाइक बरामद

WhatsApp Channel Join Now
बाइक चोर गिरोह का खुलासा, चोरी की 18 बाइक बरामद


बाइक चोर गिरोह का खुलासा, चोरी की 18 बाइक बरामद


रामगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। जिले में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस की लगातार छापेमारी में करीब 18 चोरी की बाइक बरामद की गई है। इस मामले में बाइक चोरी करने वाले आरोपितों के साथ चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री करने वाले कई रिसीवरों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय बाइक चोरों और उनके सहयोगियों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार रामगढ़ थाना पुलिस को जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने गिरोह की गतिविधियों का पता लगाते हुए अलग-अलग ठिकानों पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी शुरू की। इस दौरान चोरी की बाइक छिपाकर रखने वाले कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की बाइक बरामद की गई।

पुलिस की जांच में गिरोह के तार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा दूसरे जिलों से भी जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। इसी आधार पर पुलिस ने जिले के बाहर भी छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में चोरी की बाइक की बरामदगी के साथ गिरोह के नेटवर्क से जुड़े कई संदिग्ध पुलिस के हाथ लगे हैं।

इस कार्रवाई की खास बात यह है कि पुलिस ने केवल बाइक चोरी करने वालों को निशाने पर नहीं लिया, बल्कि चोरी की बाइक खरीदने और बेचने वाले रिसीवर तक भी पहुंच बनाई है। ऐसे लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, जो चोरी की बाइक को अपने पास छिपाकर रखते थे या उनकी खरीद-बिक्री में शामिल थे। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

18 बाइक की बरामदगी के बाद पुलिस अब उनके वास्तविक मालिकों की पहचान और चोरी की घटनाओं से उनके संबंधों की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और बाइक चोरी की पुरानी घटनाओं का भी खुलासा होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773124 Articles

Share this story