बड़े अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बनाई एआई टीम

WhatsApp Channel Join Now
बड़े अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बनाई एआई टीम


देवघर, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आपराधिक घटनाओं के त्वरित उद्भेदन को लेकर देवघर पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बुधवार को आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जिले की कानून-व्यवस्था, हाल के दिनों में घटित महत्वपूर्ण आपराधिक घटनाओं और लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा एसपी प्रवीण पुष्कर ने की। बैठक में एसपी ने मौजूद पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों के उद्भेदन की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण कांडों का खुलासा होने पर संतोष व्यक्त किया गया, जबकि अब तक अनसुलझे मामलों में आ रही तकनीकी सहित अन्य चुनौतियों की जानकारी लेकर उनके त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया।

इस दौरान हाल के दिनों में घटित बड़े आपराधिक कांडों के उद्भेदन के लिए विशेष एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) टीम का गठन किया गया है। यह टीम तकनीकी सहायता के माध्यम से जटिल मामलों की जांच और अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस की मदद करेगी। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में अपराध नियंत्रण के मद्देनजर जिले की गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी ने बैंक, एटीएम और संवेदनशील इलाकों के आसपास नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जेल से छूटकर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और उनकी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने को भी कहा।

बैठक में अधिकारियों को किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया। साथ ही गश्ती दल और विशेष जांच टीम को पूरी तरह सक्रिय रखते हुए अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story