नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह की एक महिला सहित पांच गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह की एक महिला सहित पांच गिरफ्तार


चतरा, 03 नवंबर (हि.स.)। नौकरी के नाम पर ठगी करने के गिरोह के खिलाफ चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी अनिमेश नैथानी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित सदर थाना पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर एक महिला सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में नौकरी के नाम पर ठगी और बैंकिंग दस्तावेजों के अवैध इस्तेमाल करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है।

सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि गिरोह के सदस्य लोगों को नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर उनसे बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड हासिल करते थे। इसके बाद इन बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध रूप से पैसों के लेन-देन में किया जाता था। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन लाख 70 हजार रुपये नकद, एक काले रंग की स्विफ्ट कार, एक बुलेट बाइक, विभिन्न बैंकों के 15 एटीएम कार्ड, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन और अलग-अलग कंपनियों के चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा एक सोने की चेन, तीन कलाई घड़ियां, एक ट्रॉली बैग, एक लेदर बैग और तीन पर्स भी जब्त किए गए हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में चतरा, धनबाद और बोकारो जिले के लोग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से बैंकिंग दस्तावेज हासिल किए जाते थे और उनके माध्यम से अवैध लेन-देन किया जाता था। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

इस कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील सिंह, चतरा पुलिस की तकनीकी टीम और सदर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771996 Articles

Share this story