नाबालिग की हत्या का खुलासा, पांच नाबालिग निरुद्ध

WhatsApp Channel Join Now
नाबालिग की हत्या का खुलासा, पांच नाबालिग निरुद्ध


चतरा, 18 अक्टूबर (हि.स.)।

जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के जंगल में नाबालिग का शव पेड़ से लटकता मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि युवती ने खुदकुशी नहीं की थी बल्कि उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने और घटना को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया था। मामले में पुलिस ने पांच नाबालिग आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी लावालौंग थाना क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

रविवार को पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नाबालिग युवती ने जंगल में फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां की परिस्थितियां संदिग्ध मिलीं। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। जांच में सामने आया कि तीन नाबालिग और तीन युवतियां जंगल में मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान नाबालिग ने कथित तौर पर जबरन संबंध बनाने का विरोध किया और वहां से जाने की कोशिश की। आरोप है कि तीन नाबालिगों ने उसे पकड़कर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने और घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया गया। पुलिस ने जांच के आधार पर पांच नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

एसपी अनिमेष नैथानी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों, उनकी संगति और ऑनलाइन व्यवहार पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि बच्चों को इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल, अनुचित सामग्री और गलत संगति के संभावित दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763214 Articles

Share this story