टंडवा में पुलिस पर पथराव मामले में पूर्व मुखिया सहित दो गिरफ्तार
चतरा, 11 सितंबर (हि.स.)। टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में युवक-युवती को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव मामले में डहु पंचायत के पूर्व मुखिया चुरामन उरांव और अशोक महतो को गिरफ्तार किया गया है।
घटना में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा, चतरा सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पथराव में टंडवा, सराडु, बुकरू, चतरा सदर और सिमरिया थाना से जुड़े पांच पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुए थे।
टंडवा एसडीपीओ कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में सीनियर डीएसपी प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि आठ सितंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि सिदपा में ग्रामीणों ने युवक-युवती को एक घर में बंद कर रखा है। पुलिस दोनों को मुक्त कर अपने साथ ले जाने लगी, तभी ग्रामीणों की भीड़ ने उन्हें छुड़ाने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। मामले में 37 नामजद समेत 300-400 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर रही है। विशेष छापेमारी दल में हंटरगंज के पूर्व थाना प्रभारी सह सब इंस्पेक्टर प्रभात कुमार, अरविंद कुमार, टंडवा थाना रिजर्व गार्ड तथा सैट के सशस्त्र बलों को शामिल किया गया है। अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

