संविधान की प्रस्तावना पढ़ पुलिसकर्मियों ने दोहराई संवैधानिक निष्ठा
रामगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले के पुलिस कार्यालयों और सभी थाना-ओपी में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा दोहराई गई।
इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
संविधान दिवस पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय, पुलिस निरीक्षक कार्यालय, पुलिस केंद्र और जिले के सभी थाना और ओपी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और संविधान के मूल सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।
प्रस्तावना के पाठ के माध्यम से संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। पुलिसकर्मियों ने संविधान के अनुरूप कानून का पालन कराने, निष्पक्षता बनाए रखने और आम नागरिकों के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की भावना दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

