ईद, सरहुल एवं रामनवमी को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, डीजीपी ने की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
ईद, सरहुल एवं रामनवमी को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, डीजीपी ने की समीक्षा


रांची, 17 मार्च (हि.स.)। आगामी त्योहारों ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर झारखंड पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस मुख्यालय, रांची में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान) टी. कंदसामी, पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) डॉ. माईकलराज एस, पुलिस महानिरीक्षक (प्रोविजन) पटेल मयूर कन्हैयालाल, बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी सुनिल भास्कर और विशेष शाखा के एसपी दीपक पांडेय सहित अन्य वरीय अधिकारी शामिल हुए। वहीं, सभी प्रक्षेत्रीय आईजी, डीआईजी और जिलों के एसएसपी/एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक में सभी जिलों से त्योहारों को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने सांप्रदायिक मामलों से जुड़े लंबित केस, वारंट और कुर्की-जब्ती की स्थिति, जुलूस मार्गों का सत्यापन, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और ड्रोन से निगरानी जैसे पहलुओं पर जानकारी दी।

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और जरूरत पडने पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में पहले सांप्रदायिक घटनाएं हो चुकी हैं, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

सोशल मीडिया पर अफवाहों को लेकर भी पुलिस मुख्यालय गंभीर है. डीजीपी ने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना फैलने पर उसका तत्काल सत्यापन कर सख्त कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा महिला सुरक्षा, वीवीआईपी मूवमेंट, हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान, संयुक्त नियंत्रण कक्ष की सक्रियता और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा गया। बैठक के अंत में सभी प्रक्षेत्रीय आईजी और डीआईजी को भी अपने-अपने स्तर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story