थाने में सुरक्षा मांगने पहुंची महिला से दुष्कर्म का आरोपित पुलिसकर्मी गिरफ्तार, थाना प्रभारी सहित छह निलंबित
सरायकेला, 31 अक्टूबर (हि.स.)। सरायकेला जिले के गम्हरिया थाने में सुरक्षा मांगने पहुंची महिला से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मामले में एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कार्रवाई करते हुए ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना प्रभारी सहित छह पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी संजय प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक अनिरुद्ध सिंह, मनोज साहू, आरक्षी संतोष राय, हवलदार मुनेश्वर कुमार और आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला पति की मारपीट के डर से घर छोड़कर थाने पहुंची थी।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 29 अक्टूबर की रात की है। पीड़िता ने 30 अक्टूबर को पुलिस को लिखित आवेदन देकर बताया कि शाम करीब छह बजे पति के साथ कहासुनी हुई थी। उन्हें आशंका थी कि रात में पति उनके साथ मारपीट कर सकते हैं। इसी डर से वह घर से निकलकर पड़ोस में रहने वाली एक महिला के घर पहुंचीं। वहां उन्होंने अपने साथ संभावित अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।
इसके बाद गम्हरिया पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और महिला को रात करीब 12 बजे थाने लेकर आई। महिला ने सोचा था कि पुलिस की मौजूदगी में वह सुरक्षित रहेंगी, लेकिन आरोप है कि थाने में ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी ने उन्हें बगल के कमरे में आराम करने को कहा। महिला उसी कमरे में आराम कर रही थीं। इसी दौरान थाने में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा ने उनके साथ दुष्कर्म किया।
एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपित सहायक अवर निरीक्षक नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपित गम्हरिया थाने में वायरलेस ऑपरेटर के पद पर तैनात था। पुलिस ने उसके कमरे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

