चोरों ने सेंधमारी कर उड़ाई 3.5 लाख की विदेशी शराब, पुलिस ने ०6 घंटे में दबोचे आरोपित

WhatsApp Channel Join Now
चोरों ने सेंधमारी कर उड़ाई 3.5 लाख की विदेशी शराब, पुलिस ने ०6 घंटे में दबोचे आरोपित


बोकारो, 04 जून (हि.स.)। सेक्टर-12 मोड़ स्थित लाइसेंसी कम्पोजिट शराब दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये की विदेशी शराब चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने महज छह घंटे में पर्दाफाश कर दिया।

चोरों ने दुकान के पीछे की चदरा उखाड़कर करीब 3.5 लाख रुपये मूल्य की शराब और बीयर चोरी कर ली थी। लेकिन त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी गया पूरा माल बरामद कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गुरुवार सुबह सूचना मिली कि सेक्टर-12 मोड़ स्थित शराब दुकान में चोरी हुई है। बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि अज्ञात चोर दुकान में घुसे और बड़ी मात्रा में विदेशी शराब लेकर फरार हो गए।

दुकान संचालक संदीप कुमार के लिखित आवेदन पर बीएस सिटी थाना में मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर डीएसपी नगर राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने छापेमारी कर हिमांशु पटेल उर्फ सूटर (19), राजकुमार उर्फ लोला (20), नितिश कुमार उर्फ गोलू (21) और नन्दु कुमार (23) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के पास से 750 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब, 137 बोतल/केन बीयर और एक लोहे का ताला काटने वाला कटर बरामद किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपितों के आपराधिक इतिहास और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story