मुठभेड़ में राहुल दुबे गिरोह का अपराधी घायल, गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मुठभेड़ में राहुल दुबे गिरोह का अपराधी घायल, गिरफ्तार


मुठभेड़ में राहुल दुबे गिरोह का अपराधी घायल, गिरफ्तार


चतरा, 25 अगस्त (हि.स.)। चतरा के कोयलांचल क्षेत्र में राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टंडवा-पिपरवार थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में गिरोह का अपराधी विकास कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

घायल विकास को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि टंडवा और पिपरवार थाना की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी सीमावर्ती इलाके में छिपे हैं। घेराबंदी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। अंधेरे का लाभ उठाकर अन्य अपराधी फरार हो गए।

बताया गया कि दो दिन पूर्व चंद्रगुप्त कोल परियोजना स्थित सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में गिरोह के चार नकाबपोश अपराधियों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की थी। इसमें एक सुरक्षा गार्ड घायल हुआ था। घटना के बाद से पुलिस गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चला रही थी। पुलिस ने फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान तेज कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story