डेविल्स ग्रुप पर पुलिस मुख्यालय की बड़ी कार्रवाई की तैयारी, चार जिलों की संयुक्त टीम होगी गठित

WhatsApp Channel Join Now
डेविल्स ग्रुप पर पुलिस मुख्यालय की बड़ी कार्रवाई की तैयारी, चार जिलों की संयुक्त टीम होगी गठित


डेविल्स ग्रुप पर पुलिस मुख्यालय की बड़ी कार्रवाई की तैयारी, चार जिलों की संयुक्त टीम होगी गठित


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में गोड्डा, दुमका और आसपास के क्षेत्रों मंक सक्रिय डेविल्स ग्रुप के अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो गई है। डीजीपी तदाशा मिश्र ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को संगठित अपराधियों के खिलाफ समन्वित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में गोड्डा, दुमका, जामताड़ा और देवघर जिला की सहभागिता से एक संयुक्त विशेष टीम (जॉइंट टीम) गठित करने का निर्णय लिया गया। यह टीम पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में कार्य करेगी और चारों जिलों में ज्वेलरी लूट, छिनतई सहित डेविल्स ग्रुप से जुड़ी घटनाओं की संयुक्त जांच और त्वरित उद्भेदन करेगी। टीम की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा पुलिस महानिरीक्षक, दुमका प्रक्षेत्र द्वारा की जाएगी।

डीजीपी ने दुमका प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक को डेविल्स ग्रुप से जुड़े सभी संदिग्ध सदस्यों का भौतिक सत्यापन कराने, लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने और अवैध हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अंतरराज्यीय समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ वैज्ञानिक और ठोस साक्ष्य जुटाने, गवाहों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने, जमानतदारों का सत्यापन कराने और अभियोजन पक्ष के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को जल्द सजा दिलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (अभियान), दुमका प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक, दुमका, गोड्डा और दुमका के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। डीजीपी ने वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार क्षेत्र का दौरा करने और पीसीआर वाहनों से सघन गश्ती अभियान चलाकर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story