रांची में राहुल दुबे गैंग के साथ पुलिस की मुठभेड़ में एक अपराधी घायल, पांच गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रांची में राहुल दुबे गैंग के साथ पुलिस की मुठभेड़ में एक अपराधी घायल, पांच गिरफ्तार


रांची, 30 अक्टूबर (हि.स.)। हजारीबाग और रांची में गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

शुक्रवार की शाम रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो में पुलिस और गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक अपराधी को गोली लगी है। पुलिस ने घायल समेत गिरोह के पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरोह के अपराधियों ने गुरुवार की रात हजारीबाग में एके इंटरनेशनल होटल के बाहर फायरिंग की थी। इस घटना के बाद अपराधियों ने शुक्रवार तड़के करीब 3:40 बजे रांची के कांके इलाके में भी गोलीबारी की। लगातार दो जिलों में हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस सक्रिय हुई और अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू की।

इसी क्रम में पुलिस को अपराधियों के धुर्वा के सीठियो इलाके में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की तो अपराधियों की ओर से फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी को गोली लगी है। इसके बाद पुलिस ने सभी पांच अपराधियों को अपने कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार अपराधियों के नाम कुंदन कुमार, गुड्डू मिश्रा, मोहित कुमार और ऋषभ हैं। जिस अपराधी को गोली लगी है उसका नाम सौरभ है।

पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन पिस्टल और चार मैगजीन बरामद किए हैं। इसके अलावा दोनों वारदातों में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। अपराधियों के पास से चोरी की एक बाइक भी मिली है। पुलिस अपराधियों से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769668 Articles

Share this story