रांची पुलिस ने बिहार के बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रांची पुलिस ने बिहार के बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को किया गिरफ्तार


रांची, 20 जून (हि.स.)। रांची पुलिस ने बिहार से रांची आकर बाइक चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बाइक चोरों के पास से चोरी के कई बाइक भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की टीम ने गिरोह का सरगना सहित तीन को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वे रांची, रामगढ़ और बोकारो से बाइक और स्कूटी चुराकर बिहार के गयाजी में सस्ती कीमत में बिक्री करते थे।

गिरफ्तार आरोपितों में सरगना बोकारो निवासी अनिकेत कुमार उर्फ भोला, रांची के नामकुम का सिंदू कुमार और बिहार के गयाजी का विकास कुमार शामिल है। इन आरोपितों के पास से पुलिस ने चोरी के सात बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है।

मामले का खुलासा करते हुए रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने प्रेस वार्ता में शनिवार को बताया कि ओरमांझी पुलिस की ओर से शुक्रवार की रात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान तैनात पुलिस कर्मियों ने एक बाइक सवार को रूकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर सिकिदिरी की ओर भागने लगा।

पहले से तैनात सिकिदिरी पुलिस ने बाइक सवार दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। इसी दौरान एक आरोपित के पीठु बैग की तलाशी ली गई। बैग से पुलिस ने मास्टर की, प्लग रिंच, पेचकस और खुला हुआ नंबर प्लेट बरामद किया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपित अनिकेत और सिंदू ने पुलिस को बताया कि वह बाइक और स्कूटी चुराकर गयाजी में बेचा करते हैं।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में एक गिरोह का संचालन करने की बात बतायी है। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि पकड़े गए आरोपितों के अलावा गिरोह में गयाजी के मधुरापुर पथरा के मृत्युंजय साव शामिल है। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर गयाजी निवासी विकास कुमार के घर पर छापेमारी कर पांच और रामगढ़ से एक बाइक बरामद की। ग्रामीण एसपी ने बताया कि आरोपित बाइक और स्कूटी चुराकर उसका पहले नंबर प्लेट बदल देते हैं। इसके बाद चेचिस और इंजन नंबर को पिंच कर बदल देते हैं। इसके बाद उसकी बिक्री करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story