गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
गोड्डा, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक गोड्डा को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महागामा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव स्थित एक पान गुमटी में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मो निसार आलम की पान गुमटी से एक युवक को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान सरफराज असारी (18) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपित के पास से काले रंग के पॉलीथिन में रखे पारदर्शी प्लास्टिक की 80 पुड़िया में कुल 490 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इस संबंध में महागामा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा वरुण रजक, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, पुअनि मनोज कुमार सहित सशस्त्र बल एवं रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

