अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिताः झारखंड की बासंती महतो ने जीता स्वर्ण पदक

WhatsApp Channel Join Now
अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिताः झारखंड की बासंती महतो ने जीता स्वर्ण पदक


अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिताः झारखंड की बासंती महतो ने जीता स्वर्ण पदक


रांची, 22 अक्टूबर (हि.स.)। 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता में गुरुवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।

झारखंड पुलिस की मेजबानी में रांची में आयोजित प्रतियोगिता में पहले ही दिन सीआईएसएफ की बासंती महतो ने रिकर्व महिला वर्ग के 70 मीटर के दोनों चरणों में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस की दीपिका पांडे ने इंडियन राउंड महिला वर्ग में समग्र परिणाम के आधार पर स्वर्ण पदक हासिल किया।

वहीं, पुरुष रिकर्व वर्ग में आईटीबीपी के मुकेश बोरो ने 337 अंक के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान रिकर्व महिला, रिकर्व पुरुष और इंडियन राउंड महिला वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय पुलिस संगठनों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के बीच पदकों के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला, कई स्पर्धाओं में एक-एक अंक के अंतर से पदकों का फैसला हुआ।

रिकर्व महिला वर्ग में सीआईएसएफ की बासंती महतो ने शानदार निशानेबाजी करते हुए पहला स्थान हासिल किया। 70 मीटर के प्रथम चरण में उन्होंने 334 अंक अर्जित कर स्वर्ण पदक जीता। असम राइफल्स की प्रमिला दैमरी 329 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि आईटीबीपी की सोनाली बसुमतारी ने 322 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता।

इसीप्रकार, 70 मीटर के दूसरे चरण में भी बासंती महतो का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। उन्होंने 330 अंक हासिल कर फिर से पहला स्थान प्राप्त किया। असम राइफल्स की प्रमिला दैमरी 327 अंकों के साथ दूसरे और बीएसएफ की अमीषा चौरसिया 324 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं, पुरुष रिकर्व वर्ग के 70 मीटर के प्रथम चरण में असम राइफल्स के अकोइजाम अमरजीत, बीएसएफ के चमन सिंह और आईटीबीपी के नीरज के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। तीनों खिलाड़ियों ने 332-332 अंक हासिल किए। अंकों की बराबरी के बाद टाई-ब्रेकिंग मानदंडों के आधार पर असम राइफल्स के अमरजीत को स्वर्ण पदक मिला।

बीएसएफ के चमन सिंह ने रजत और आइटीबीपी के नीरज ने कांस्य पदक जीता।

दूसरे चरण में आईटीबीपी के मुकेश बोरो ने 337 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। आईटीबीपी के नीरज 336 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि बीएसएफ के चमन सिंह ने 334 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता।

इंडियन राउंड महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस की दीपिका पांडे ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। 30 मीटर के प्रथम चरण में उन्होंने 334 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। सीआईएसएफ की लाइफ्राकपम रोजिना देवी 327 अंकों के साथ दूसरे और एसएसबी की पुष्पा 323 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

दूसरे चरण में भी दीपिका पांडे ने पहला स्थान हासिल किया, उन्होंने 331 अंक प्राप्त किए। सीआईएसएफ की रोजिना देवी 330 अंकों के साथ दूसरे और बीएसएफ की प्रतीक्षा 328 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। दोनों चरणों के संयुक्त अंकों के आधार पर घोषित समग्र परिणाम में दीपिका पांडे ने 665 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। रोजिना देवी 657 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और उन्हें रजत पदक मिला। उत्तर प्रदेश पुलिस की नमिता वर्मा ने 643 अंक हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765200 Articles

Share this story