चतरा में 985 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
चतरा, 18 अगस्त (हि.स.)। चतरा पुलिस ने लावालौंग-बगरा रोड पर कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें के पास से 985 ग्राम अवैध अफीम, एक मोबाइल फोन और एक अपाची बाइक बरामद की गई है। दोनों आरोपित लावालौंग थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुधीर ठाकुर और सुरेश गंझू के रूप में हुई है। यह जानकारी सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब ने मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
उन्होंने बताया कि 17 अगस्त की शाम पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर लावालौंग से पत्थलगड़ा की ओर अफीम की खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अंचलाधिकारी सिमरिया के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने लावालौंग-बगरा रोड पर निगरानी के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। जिसमें 985 ग्राम अफीम बरामद हुई।
एसडीपीओ ने बताया कि बरामद अफीम को लावालौंग से पत्थलगडा ले जाकर खपाने की तैयारी थी। पुलिस ने आरोपितों के पास से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और अपाची बाइक भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक का उपयोग मादक पदार्थों की ढुलाई में किया जा रहा था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।
इस संबंध में सिमरिया थाना में मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसडीपीओ ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
छापामारी दल में सिमरिया अंचलाधिकारी गौरव राय, थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, आरक्षी संजीव कुमार, शंकर प्रसाद मेहता एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

