अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में जावा महुआ और तैयार शराब नष्ट
गोड्डा, 26 अगस्त (हि.स.)। झारखंड-बिहार सीमा से सटे हनवारा थाना क्षेत्र के विश्वासखानी गांव में मंगलवार शाम पुलिस ने अवैध देशी शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने गांव में अवैध शराब निर्माण की सूचना पर कई ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर बड़ी मात्रा में शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया जावा महुआ और निर्मित देशी शराब बरामद किया। पुलिस ने बरामद जावा महुआ एवं शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही शराब तैयार करने के लिए बनाई गई भट्ठी और अन्य उपकरणों को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस की भनक लगते ही अवैध शराब के कारोबारी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान और गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है।
विश्वासखानी गांव झारखंड-बिहार सीमा के निकट स्थित है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण और इसकी तस्करी की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीमावर्ती इलाकों में समय-समय पर विशेष अभियान चलाया जाता है।
थाना प्रभारी विकास कुमार ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी विकास कुमार के अलावा हनवारा थाना के एएसआई तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में भय का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

