देश की प्रगति का श्रेय किसी एक दल को नहीं बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों का : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
देश की प्रगति का श्रेय किसी एक दल को नहीं बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों का : कांग्रेस


रांची, 11 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर दिया गया पूरी तरह भ्रामक और जनता को गुमराह करने वाला है। पार्टी के प्रदेश कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा सिन्हा ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भाजपा नेताओं की ओर से पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों का स्वर्णिम काल बताना देश की वास्तविक परिस्थितियों से आंखें मूंद लेने जैसा है।

उन्होंने कहा कि यदि यह कालखंड इतना ही ऐतिहासिक रहा होता तो आज देश का युवा रोजगार के लिए दर-दर नहीं भटक रहा होता, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए सड़कों पर आंदोलन करने को विवश नहीं होते।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सबका साथ, सबका विकास का नारा तो दिया, लेकिन वास्तविकता यह है कि देश में बेरोजगारी दर पिछले कई दशकों में सबसे गंभीर चुनौती बनकर उभरी है।

करोड़ों युवाओं को प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन आज सरकारी विभागों में लाखों पद खाली पड़े हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मानती है कि देश की प्रगति का श्रेय किसी एक व्यक्ति या एक दल को नहीं बल्कि देश के करोड़ों मेहनतकश नागरिकों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और पूर्ववर्ती सरकारों के योगदान को जाता है।

भाजपा का अहंकार और आत्मप्रशंसा का अभियान देश की वास्तविक समस्याओं को नहीं छिपा सकता।

कांग्रेस जनता के मुद्दों—रोजगार, महंगाई, किसानों के अधिकार, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा—को मजबूती से उठाती रहेगी और भाजपा सरकार को उसके वादों और विफलताओं के लिए जवाबदेह बनाती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story