पीएलएफआई के नाम पर कारोबारी से 20 लाख रंगदारी की मांग, जांच में जुटी पुलिस
रांची, 14 मई (हि.स.)। रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के आयुष वेलनेस सेंटर संचालक से रंगदारी मांगने और धमकी देने का मामला गुरुवार को प्रकाश में आया है।
पीड़ित कारोबारी संतोष कुमार ने थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि उनसे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है।
रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपित ने व्हाट्सएप मैसेज के जरिए खुद को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ़ इंडिया (पीएलएफआई )से जुड़ा बताते हुए संतोष कुमार पर जल्द रकम देने का दबाव बनाया।
धमकी भरे संदेश मिलने के बाद कारोबारी और उनके परिवार में दहशत का माहौल है।
थाना प्रभारी राम नारायण ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस व्हाट्सएप नंबर और भेजे गए मैसेज की जांच पड़ताल कर रही है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

