विरोध के बाद नई सराय के प्रताप नगर से गायब हुआ विवादित शिलापट्ट
रामगढ़, 03 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के नईसराय, प्रताप नगर में मुहल्ले का नाम बदलने और डीएमएफटी फंड से योजना पारित कर शिलान्यास करने के विरोध के बाद एक नया प्रकरण शुरू हो गया है। जब सनातन हिंदू संगठन के लोगों ने एकजुट होकर विरोध जताया तो प्रताप नगर मुहल्ले का नाम बदलकर सर सैयद कॉलोनी के नाम से लगाया गया शिलापट्ट रात के अंधेरे में अचानक गायब हो गया। यह पूरा मामला अब रामगढ़ शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
हिंदू जागरण मंच के जिला अध्यक्ष सत्यजीत चौधरी, हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मिश्रा और रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इस पूरे प्रकरण पर जिला प्रशासन को हस्तक्षेप करने की मांग की है। हिंदू संगठन के लोगों ने कहा कि इस संवेदनशील विषय पर नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई के साथ शिलापट्ट हटाया जाना चाहिए था। लेकिन रात के अंधेरे में शिलान्यास किया गया शिलापट्ट ही गायब कर दिया गया। यह किसके इशारे पर हुआ और किस गलती को छुपाने के लिए यह किया जा रहा है।
इस पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए। इस पूरे मामले की जांच कर, जांच रिपोर्ट भी सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

