उपायुक्त ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
उपायुक्त ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


खूंटी, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल और द हंस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में उपायुक्त मो जावेद हुसैन, उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और कचरे का समुचित प्रबंधन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, हेल्थ एवं न्यूट्रिशन एक्सपर्ट सहित अन्य अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। सभी ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण को समृद्ध बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा

Share this story