झारखंड के हर विधानसभा क्षेत्र में बेहतर सुविधाओं वाले अस्पताल बनाने की है योजना : अरोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के हर विधानसभा क्षेत्र में बेहतर सुविधाओं वाले अस्पताल बनाने की है योजना : अरोड़ा


रांची, 20 नवंबर (हि.स.)। झारखंड सरकार राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में बेहतर सुविधाओं से लैस अस्पताल विकसित करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग मानव संसाधन का पुनर्गठन करेगा। योजना के तहत अनुपयोगी पदों को समाप्त कर स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत के अनुसार नए पद सृजित किए जाएंगे।

इस संबंध में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव डॉ नेहा अरोड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिया।

बैठक में अस्पतालों को इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड (आईपीएचएस) के मानकों के अनुरूप विकसित करने और डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता पर चर्चा हुई। प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार, 47 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को 50 बेड वाले फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) और 86 केंद्रों को 50 बेड वाले अनुमंडलीय अस्पताल/एफआरयू के रूप में उन्नत करने की योजना है।

इसके अलावा जिला अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में एएनएम, अस्पतालों में स्टाफ नर्स और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में फिजियोथेरेपिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विचार किया गया।

जहां नियमित नियुक्तियों से तत्काल जरूरत पूरी नहीं होगी, वहां आउटसोर्सिंग का विकल्प अपनाने पर भी मंथन हुआ। विभाग ने स्पष्ट किया कि फिलहाल यह प्रस्ताव विचाराधीन है।

बैठक में एनएचएम के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा, नवनियुक्त आईएएस अधिकारी दीप्ति रोहिल्ला, डीआईसी डॉ शोभना टोपो सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780662 Articles

Share this story