श्रावणी मेला में सूचना व जनसंपर्क विभाग की अहम भूमिका

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला में सूचना व जनसंपर्क विभाग की अहम भूमिका


देवघर, 30 जुलाई (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जहां विभिन्न विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, वहीं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग श्रद्धालुओं तक आवश्यक सूचनाएं पहुंचाने, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन तथा विभिन्न जनसुविधाओं के संचालन की जिम्मेदारी निभा रहा है।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) राहुल कुमार भारती के नेतृत्व में विभाग की पूरी टीम दिन-रात मेला व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटी है। एपीआरओ रोहित विद्यार्थी के साथ विक्रमजीत, निर्भय शंकर ओझा, उपेन्द्र कुमार, राजेश कुमार, शुभम कुमार सिंह सहित अन्य कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का लगातार निर्वहन कर रहे हैं।

वर्तमान में विभाग द्वारा मेला क्षेत्र में 34 सूचना केंद्र, 06 सांस्कृतिक मंच (जिन पर 66 सांस्कृतिक दल प्रस्तुति दे रहे हैं) और 10 मातृत्व गृह संचालित किए जा रहे हैं। ये मातृत्व गृह भट्टर धर्मशाला, नेहरू पार्क, फुट ओवरब्रिज, तिवारी चौक, जलसार, बीएड कॉलेज, नंदन पहाड़, बरमसिया, सरकार भवन और आरएल सर्राफ परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर बनाए गए हैं।

डीपीआरओ राहुल कुमार भारती ने कहा कि बाबा नगरी आने वाले सभी कांवरिया श्रद्धालु हमारे अतिथि हैं। सरकार और जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुलभ जलार्पण कराना है। इसी लक्ष्य को लेकर सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story