-दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद : उपायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
-दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद : उपायुक्त


-चतरा में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट पर होगी कार्रवाई

चतरा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पर्वों के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, बिजली, पेयजल और स्वच्छता समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि त्योहारों के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा आवश्यकता के अनुसार ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने का निर्देश दिया। पर्वों के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी।

बैठक में दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया गया। विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी और जरूरत के अनुसार गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

दीपावली के मद्देनजर पटाखा दुकानों के लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की जांच करने को कहा गया। वहीं, छठ पर्व को लेकर घाटों की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ प्रदीप कुमार महतो, एसडीपीओ सन्नी वर्धन समेत अन्य अधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story