नेत्रदान जागरूकता रैली में लोगों ने लिया नेत्रदान का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
नेत्रदान जागरूकता रैली में लोगों ने लिया नेत्रदान का संकल्प


रांची, 27 अगस्त (हि.स.)।

राष्ट्रीय 41वें नेत्रदान पखवाड़ा के अवसर पर गुरुवार को रिम्स के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान (आरआईओ) स्थित गवर्नमेंट आई बैंक की ओर से नेत्रदान जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली आरआईओ भवन से शुरू होकर बरियातू रोड, रिम्स परिसर, ट्रॉमा सेंटर, ओपीडी ब्लॉक और सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक होते हुए पुनः आरआईओ भवन पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान आयोजित नेत्रदान प्रतिज्ञा कार्यक्रम में करीब 150 लोगों ने प्लेग फॉर्म भरकर मृत्यु के बाद नेत्रदान का संकल्प लिया।

इस अवसर पर रिम्स निदेशक प्रो डॉ डीके सिन्हा और मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो डॉ हिरेंद्र बिरुआ ने भी स्वयं नेत्रदान का संकल्प लेकर अभियान को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि रैली के जरिए नेत्रदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने, भ्रांतियां दूर करने और मृत्यु के बाद नेत्रदान के जरिए जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाना अहम उद्देश्य था।

आरआईओ के विभागाध्यक्ष प्रो डॉ सुनील कुमार ने कहा कि एक व्यक्ति का नेत्रदान दो लोगों के जीवन में रोशनी ला सकता है। उन्होंने नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने और अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

आई बैंक ने लोगों से स्वयं संकल्प लेने और परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने की अपील की। रैली में चिकित्सकों, चिकित्सा छात्रों, नर्सिंग कर्मियों, अस्पताल कर्मचारियों और आई बैंक की टीम सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story