रांची के 2.55 लाख पेंशनधारियों के खाते में हुआ दो माह का भुगतान

WhatsApp Channel Join Now
रांची के 2.55 लाख पेंशनधारियों के खाते में हुआ दो माह का भुगतान


रांची, 04 नवंबर (हि.स.)। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के 2,55,534 पेंशनधारियों को अक्टूबर और नवंबर 2026 की पेंशन राशि का एक साथ भुगतान कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 51 करोड़ 10 लाख 68 हजार रुपए हस्तांतरित किए गए हैं।

प्रत्येक लाभुक के खाते में दो महीने की कुल 2,000 रुपए की राशि भेजी गई है। इसमें प्रत्येक माह 1,000 रुपए की पेंशन शामिल है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के खाते में पेंशन राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपने बैंक खाते की आधार सीडिंग कराना अनिवार्य है।

प्रखंडवार और शहरी क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, तमाड़ में सर्वाधिक 20,689 लाभुकों को पेंशन का भुगतान किया गया है। इसके बाद कांके में 17,027, मांडर में 16,115, सिल्ली में 15,683, बेड़ो में 14,142 और सोनाहातू में 13,752 लाभुक सहित अन्य शामिल हैं।

सर्वजन पेंशन योजना का उद्देश्य वृद्धजनों, विधवा और एकल महिलाओं, दिव्यांगजनों सहित निर्धारित श्रेणियों के पात्र लाभुकों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने पात्र लाभुकों तक सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ समय पर पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772505 Articles

Share this story